June 26, 2026
Entertainment

‘तुम बहुत खराब गा रहे हो…’, जब रिकॉर्डिंग के दौरान अनु मलिक ने कुमार सानू को लगाई फटकार

‘You’re singing very badly…’, when Anu Malik reprimanded Kumar Sanu during recording

मशहूर गायक कुमार सानू और संगीतकार अनु मलिक की जोड़ी ने 1990 के दशक में कई ऐसे गाने दिए, जो आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा बने हुए हैं। हाल ही में कुमार सानू का एक पुराना वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह अनु मलिक के साथ रिकॉर्डिंग के दौरान हुआ एक दिलचस्प किस्सा सुना रहे हैं। उन्होंने यह किस्सा कपिल शर्मा के एक शो में सुनाया।

बातचीत के दौरान कुमार सानू ने बताया कि अनु मलिक के साथ लगभग हर गाने की रिकॉर्डिंग में किसी न किसी बात पर बहस हो जाया करती थी। उन्होंने कहा, ”यह हमारे काम करने का एक हिस्सा बन गया था। मेरी आदत हमेशा से रही है कि मैं पहली बार में ही अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं। मैं रिकॉर्डिंग रूम में जाता और पूरे आत्मविश्वास के साथ गाना गाता था लेकिन एक बार ऐसा हुआ कि गाना खत्म होते ही अनु मलिक का रिएक्शन बिल्कुल अलग था।”

कुमार सानू ने बताया, ”जैसे ही मैंने गाना रिकॉर्ड किया, अनु मलिक ने तुरंत नाराजगी जता दी। उन्होंने कहा, ‘तुम बहुत खराब गा रहे हो, तुम्हारी आवाज सही नहीं लग रही, तुम सुर में भी नहीं हो।’ उनके शब्द काफी सख्त थे और मुझे यह सुनकर खुद भी हैरानी हुई। मुझे लगा कि शायद रिकॉर्डिंग में कोई बड़ी गलती हो गई है। मैंने उनसे पूछा कि आखिर समस्या क्या है और वह किस जगह सुधार चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने दोबारा गाना गाने का फैसला किया।”

कुमार सानू ने कहा, ”मैंने पूरी मेहनत के साथ एक बार फिर गाना रिकॉर्ड किया। रिकॉर्डिंग खत्म हुई तो मुझे उम्मीद थी कि अनु मलिक कुछ प्रतिक्रिया देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अनु मलिक बिना कुछ कहे अपनी सीट से उठे और सीधे स्टूडियो से बाहर चले गए। यह देखकर मैं और भी ज्यादा उलझन में पड़ गया। मुझे समझ नहीं आया कि आखिर गाना पसंद आया या नहीं। कुछ देर बाद रिकॉर्डिस्ट ने बताया कि रिकॉर्डिंग पूरी हो चुकी है और अब मैं घर जा सकता हूं। इसके बाद मैं स्टूडियो से निकलकर अपने घर चला गया।”

कुमार सानू ने आगे बताया, “उसी रात करीब 11 बजे मेरे फोन की घंटी बजी। दूसरी तरफ अनु मलिक थे। उन्होंने प्यार से मुझको मेरे निकनेम से बुलाया और कहा कि आज तुमने कमाल का गाना गाया है। रिकॉर्डिंग के समय तो उन्होंने नाराजगी दिखाई, लेकिन तारीफ करने में उन्हें सात-आठ घंटे लग गए।”

अनु मलिक और कुमार सानू ने साथ में कई ऐसे गाने बनाए, जो आज भी लोगों की जुबान पर हैं। ‘तेरे दर पर सनम’, ‘चुरा के दिल मेरा’, ‘बाजीगर’ जैसे गाने नई पीढ़ी के बीच भी पसंद किए जाते हैं।

Leave feedback about this

  • Service