November 20, 2026
National

पीडीए यात्रा की अराजकता में मासूम की गई जान, मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर निशाना साधा

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा की अराजकता में एक मासूम की जान चली गई, लेकिन पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताने में भी उन्हें 24 घंटे लग गए।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को ‘लफंगों का देवता’ बनने का शौक चढ़ गया है। खुद पर फूल-माला चढ़वाने के लिए सपाई गुंडों से जेसीबी मंगवाई जिससे सड़क पर अफरातफरी मचने के कारण बच्चे की मौत हो गई। राजभर ने मृतक बच्चे आर्यवर्धन का जिक्र कर कहा कि वह चौरी-चौरा के शहीद स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह की पांचवीं पीढ़ी का वंशज था।

राजभर ने सवाल उठाया कि जब इस घटना में एक परिवार ने अपना मासूम बेटा खो दिया, तब अखिलेश यादव ने तत्काल पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना क्यों नहीं जताई। राजभर ने अखिलेश पर माफिया के साथ नजदीकी रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें गोरखपुर में स्वतंत्रता सेनानियों की जाति गिनने और माफिया के यहां दरबार लगाने का समय मिल गया, लेकिन पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने का समय नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि चारों तरफ से आलोचना होने के बाद अखिलेश ने 24 घंटे बाद सोशल मीडिया पर संवेदना जताई और आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए। सपा की पीडीए यात्रा पर राजभर ने आरोप लगाया कि सड़क पर गुंडों की फौज को उतारकर शक्ति प्रदर्शन किया जाता है। उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ऐसी घटनाओं में किसी मासूम की जान चली जाती है तो जिम्मेदारी लेने के बजाय जानकारी नहीं होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव आजकल हर काम के लिए साइत निकलवा रहे हैं, लेकिन जब कर्म अच्छे नहीं होंगे तो लाख साइत निकलवाने के बावजूद परिणाम विपरीत ही आएंगे। राजभर ने चेतावनी दी कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

Leave feedback about this

  • Service