November 20, 2026
National

नगर निगम चुनाव को लेकर काफी उत्साह, हम लोग सजग हैं: भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निकाय चुनावों से पहले भाजपा पर चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने मतदाता सूची में विसंगतियों और प्रधानमंत्री मोदी के उस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें कहा गया था कि 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं।

भूपेश बघेल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा,”नगर निगम चुनाव को लेकर काफी उत्साह है। भिलाई के लोगों ने निर्वाचन आयोग की कमजोरी को पकड़ा और इसकी शिकायतें की गई हैं। चुनाव आयोग को बार-बार अपनी गलती सुधारनी पड़ रही है। राष्ट्रीय स्तर पर इतनी शिकायतें होने के बावजूद जिला निर्वाचन की ओर से लगातार गलती पर गलती की जा रही है। इसको लेकर हमारे लोग सतर्क हैं, जिससे ये गलतियां पकड़ में भी आ रही हैं।”

उन्होंने भाजपा की ओर से निर्विरोध चुनाव जीतने के दावे को लेकर कहा कि निर्विरोध का मतलब यही हो सकता है कि भाजपा के विरोध में जो चुनाव लड़ेगा सबको रिजेक्ट करने का षड्यंत्र हो सकता है। वे अपनी मंशा पहले से ही उजागर कर रहे हैं। उन लोगों को लोकतंत्र में विश्वास नहीं है।

भूपेश बघेल ने कहा, “नगर निगम चुनाव में धनबल, बाहुबल और प्रशासन का दुरुपयोग किया जाएगा, लेकिन हम लोग सजग हैं और हमारे साथी मजबूत हैं। हम सबसे लड़ाई लड़ेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “जिस विभाग की ओर से जो आंकड़े जारी किए जाते थे, वे सभी बंद कर दिए गए हैं। अभी जनगणना होनी है। जनगणना के साथ ही आर्थिक सर्वेक्षण भी होता है। आर्थिक सर्वेक्षण आने से पहले ही इन लोगों (भाजपा) ने बता दिया है कि 27 प्रतिशत गरीबी में गिरावट आई है। महंगाई बढ़ती जा रही है।”

उन्होंने कहा, “सरकार को यह बताना चाहिए कि 80 करोड़ लोगों को 5 किलो राशन दिया जा रहा है तो गरीबी बढ़ी है कि कम हुई है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, आय का कोई साधन नहीं है और नौकरियां खत्म होती जा रही हैं। ऐसे में लोग गरीबी रेखा से ऊपर कैसे आ गए? पैमाना क्या है, इसका आंकड़ा बताना चाहिए। सरकार को आंकड़ा बताना चाहिए।”

Leave feedback about this

  • Service