June 24, 2026
National

अयोध्या : जेठ माह के पांचवें मंगलवार को हनुमानगढ़ी में आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सराहा

Ayodhya: On the fifth Tuesday of the month of Jyeshtha, there was a surge of faith in Hanumangarhi, devotees praised the administrative arrangements.

जेठ माह के पांचवें मंगलवार के अवसर पर भगवान हनुमान की नगरी अयोध्या स्थित सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान हनुमान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दूर से अयोध्या पहुंचे।

मंगलवार को विशेष धार्मिक महत्व के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक रही। मंदिर प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल और चिकित्सा सहायता जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

दर्शन के लिए पहुंचीं श्रद्धालु अर्चना पाठक ने बताया कि आज हनुमानगढ़ी में अत्यधिक भीड़ है और बड़ी संख्या में लोग विभिन्न जिलों और राज्यों से यहां पहुंचे हैं। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जेठ माह के पांचवें मंगलवार का विशेष महत्व है और लोगों की भगवान हनुमान में गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो रहे हैं और भंडारे में प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है।” उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

गोरखपुर से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है, लेकिन इसके बावजूद दर्शन करने में कोई परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की कृपा से सब कुछ मंगलमय है और प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन के लिए बेहतर इंतजाम किए हैं। उनके अनुसार दर्शन के दौरान उन्हें आध्यात्मिक आनंद और संतोष की अनुभूति हुई।

वहीं, नवाबगंज से आए श्रद्धालु चंदन यादव ने कहा कि हनुमानगढ़ी में दर्शन कर उन्हें अत्यंत खुशी हुई। उन्होंने बताया कि भीड़ अधिक होने के बावजूद पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करा रहे हैं। इससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

स्थानीय महिला श्रद्धालु ने भी प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि मंदिर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन सभी को सुचारु रूप से दर्शन प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही।

जेठ माह के मंगलवारों का भगवान हनुमान की उपासना में विशेष महत्व माना जाता है। इसी कारण अंतिम और पांचवें मंगलवार पर हनुमानगढ़ी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave feedback about this

  • Service