June 4, 2026
National

बिहार : अस्पताल में आग की घटना पर बोले नेता, लापरवाही हुई है तो कार्रवाई की जाएगी

Bihar: Leaders speak out on hospital fire incident, says action will be taken if negligence has been committed

4 जून । बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग से 4 लोगों की मौत हो गई। जिला प्रशासन ने जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर लिफाफों में सील कर लिया है।

बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा ने आईएएनएस से कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जानकारी के अनुसार, सरकार और मुख्यमंत्री ने प्रत्येक परिवार को मुआवजे के तौर पर 4 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, किसी भी घायल व्यक्ति का उचित इलाज किया जाएगा और उसे सभी आवश्यक सहायता एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।

मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि यह दुखद घटना है। कहीं कोई लापरवाही हुई है तो कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा लोगों को जिस भी सुविधा की आवश्यकता होगी, पूरी की जाएगी। जहां मानक के हिसाब से काम नहीं हो रहा है, वहां कार्रवाई होनी चाहिए।

राज्यसभा सांसद और आरएलएम प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि आग लगने की घटनाएं कभी-कभी होती रहती हैं। स्थानीय अधिकारी उन कारकों को खत्म करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आग के कारणों की जांच करेंगे। हालांकि, घटना दुखद है और हम इस पर दुख व्यक्त करते हैं।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि मुजफ्फरपुर हादसे में लोगों की जान जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं समझता हूं कि सरकार को इस पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पटना सहित पूरे बिहार में कुकुरमुत्ते की तरह बिना मानक के आधार पर अस्पताल खोलकर व्यवसाय किया जा रहा है।

अग्निशमन विभाग के डीआइजी सुधीर कुमार ने बताया कि जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट से हादसे का अनुमान है। घायलों का इलाज जारी है।

Leave feedback about this

  • Service