September 6, 2025
National

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले भाजपा सांसद अनिल बलूनी, उत्तराखंड आपदा में राहत-बचाव की दी जानकारी

BJP MP Anil Baluni met President Draupadi Murmu, gave information about relief and rescue in Uttarakhand disaster

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनिल बलूनी ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। उन्‍होंने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति ने उत्तराखंड में आपदा से प्रभावित लोगों का हाल-चाल जाना और राहत एवं बचाव कार्यों की भी जानकारी ली।

भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर एक पोस्‍ट किया। इस पोस्‍ट में उन्‍होंने लिखा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से गुरुवार को शिष्टाचार भेंट की।

चर्चा के दौरान राष्ट्रपति ने उत्तराखंड सहित पूरे देश में अतिवृष्टि और बादल फटने के कारण आई प्राकृतिक त्रासदी पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने उत्तराखंड में आपदा से प्रभावित लोगों का हाल-चाल जाना और राहत एवं बचाव कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और उनके परिजनों को यह असहनीय कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए भगवान बद्री विशाल से कामना की।

उन्‍होंने पोस्‍ट में लिखा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजमान होने के बावजूद जिस सहजता से राष्ट्रपति का मातृत्व छलकता है, वह भारत की शक्ति परंपरा का गौरव है। मेरे जैसे सामान्य नागरिक के प्रति उनका वात्सल्य भाव निश्चित तौर पर उनके प्रति मुझे अनुगृहीत करता है।

वहीं, इससे पहले उत्तराखंड में आपदा राहत और बचाव कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया था कि रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदेश के अन्य स्थानों में पिथौरागढ़ से लेकर उत्तरकाशी तक आपदा की स्थिति है। प्रदेश सरकार की ओर से क्षति का आकलन किया जाएगा। साथ ही भारत सरकार की टीम भी आएगी और क्षति का आकलन करेगी।

Leave feedback about this

  • Service