June 24, 2026
National

दिल्ली: आप नेता सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

Delhi: FIR registered against AAP leader Saurabh Bhardwaj

आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ी हैं। दिल्ली पुलिस ने जनकपुरी इलाके की एक रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने पर सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि जनकपुरी स्थित स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार के मामले में सौरभ भारद्वाज ने कथित तौर पर पीड़िता की पहचान उजागर की। इसके बाद पुलिस ने उन पर एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल, जनकपुरी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि पिछले महीने कथित तौर पर स्कूल परिसर में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई। इस पर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज देश में सबसे कम उम्र की एक कॉकरोच है- जो मात्र 3 साल की एक बच्ची है। जनकपुरी के एक स्कूल में उसके साथ बलात्कार हुआ। आरोपी स्कूल का 57 वर्षीय वरिष्ठ अधिकारी है।”

इस घटना के बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए थे। सौरभ भारद्वाज के अनुसार, पीड़िता की मां ने आरोप लगाया था कि स्थानीय एसएचओ और डीसीपी मामले को दबाने के लिए उनपर दबाव बना रहे हैं।

आप नेता ने कहा कि पीड़िता के माता-पिता एम्स में दोबारा मेडिकल जांच कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस इसके लिए तैयार नहीं है। भारद्वाज ने कहा कि इतनी नन्हीं पीड़िता को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।

उन्होंने पूछा, “पुलिस तीन साल की मासूम का एम्स में मेडिकल कराने को तैयार क्यों नहीं है? स्कूल के वरिष्ठ अधिकारी और आरोपी को कौन बचा रहा है? क्या इस सरकार में हर पीड़िता को न्याय तभी मिलेगा, जब सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचेगा?”

इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीते दिनों दिल्ली में विरोध प्रदर्शन भी किया था।

Leave feedback about this

  • Service