N1Live Entertainment बाहरी तारीफ से ज्यादा काम में ईमानदारी महत्वपूर्ण, यही मेरे लिए ‘ग्लोरी’ है : दिव्येंदु
Entertainment

बाहरी तारीफ से ज्यादा काम में ईमानदारी महत्वपूर्ण, यही मेरे लिए ‘ग्लोरी’ है : दिव्येंदु

Honesty in work is more important than external praise, that is my 'glory': Divyenndu

अभिनेता दिव्येंदु जल्द ही अपकमिंग वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ में नजर आएंगे। इस बीच उन्होंने बताया कि वास्तव में ग्लोरी क्या है? अपनी कामयाबी और ‘ग्लोरी’ की परिभाषा को लेकर उन्होंने स्पष्ट तौर पर अपनी बात रखी है। अभिनेता का मानना है कि बाहरी तारीफ से ज्यादा काम में ईमानदारी महत्वपूर्ण है और यही उनके लिए असली ग्लोरी है।

उन्होंने कहा कि इस इंडस्ट्री में उनके लिए असली शान अपने काम से संतोष और खुद को स्क्रीन पर बिना शर्मिंदगी के देख पाने में है। दिव्येंदु ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मुझे लगता है कि जिस काम से मैं खुश हूं, अगर लोग उसकी तारीफ करें तो यह अच्छी बात है। लेकिन सबसे जरूरी यह है कि मैं घर जाकर चैन से और खुशी से सो सकूं। खुद को स्क्रीन पर देखूं और शर्मिंदा न होऊं। मेरे लिए ग्लोरी की शुरुआत यहीं से होती है।”

फिल्म ‘प्यार का पंचनामा’, ‘चश्मे बद्दूर’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ के साथ वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ जैसी वेब सीरीज में काम कर चुके दिव्येंदु ने बताया कि वह इंडस्ट्री की बाहरी चकाचौंध और शोर-शराबे में ज्यादा नहीं उलझते। उनका फोकस हमेशा अपने काम की बुनियाद को मजबूत रखने पर रहता है। उन्होंने कहा, “अगर बुनियाद सही नहीं होगी तो बाहरी चीजें कभी भी सही नहीं लग सकतीं।”

सीरीज में देवेंद्र सिंह का किरदार निभा रहे दिव्येंदु ने अपने रोल के बारे में बात करते हुए कहा, “इस सीरीज में जो चीज सबसे ज्यादा आकर्षित करती है, वह है बॉक्सिंग की असली दुनिया। यहां शोहरत गर्व से नहीं, बल्कि गुस्से और निजी भावनाओं से मिलती है। मेरा किरदार सख्त, आवेगपूर्ण और भावनाओं को छिपाने वाला नहीं है। उसके अंदर बहुत दर्द है, लेकिन साथ ही संयम भी है। करण अंशुमन के साथ दूसरी बार काम करना बहुत खास अनुभव रहा।”

वेब सीरीज ग्लोरी बॉक्सिंग की कठोर और प्रतिस्पर्धी दुनिया पर आधारित है। इसमें दिव्येंदु ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सीरीज में दिव्येंदु के साथ पुलकित सम्राट, सुविंदर विक्की, जन्नत जुबैर, आशुतोष राणा, सिकंदर खेर और यशपाल शर्मा, कुणाल ठाकुर, सयानी गुप्ता, यशपाल शर्मा और कश्मीरा परदेशी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।

‘ग्लोरी’ का निर्देशन करण अंशुमन और कनिष्क वर्मा ने किया है। सीरीज को ‘एटॉमिक फिल्म्स’ बैनर तले मोहित शाह और अंशुमन ने प्रोड्यूस किया है। दिव्येंदु जल्द ही ‘मिर्जापुर-द मूवी’ में भी नजर आएंगे, जो 4 सितंबर को रिलीज होने वाली है।

Exit mobile version