N1Live National दिल्ली के सुल्तानपुरी में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
National

दिल्ली के सुल्तानपुरी में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

Minor stabbed to death in Delhi's Sultanpuri, creating a stir in the area

14 अप्रैल । दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। हमले के बाद घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

बताया जा रहा है कि यह कोई अचानक हुआ विवाद नहीं था, बल्कि पुरानी रंजिश का मामला है। मृतक के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि उसके भाई रोहन को पहले से ही निशाना बनाया जा रहा था। मोहित के मुताबिक, आरोपी लड़का पहले भी करीब छह महीने पहले रोहन पर चाकू से हमला कर चुका था, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया था और सख्त कार्रवाई नहीं हुई।

मोहित ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने रोहन को बुलाया और फिर 3–4 लड़कों के साथ उसे एक तरफ ले गया। वहां ले जाकर उस पर चाकू से हमला किया गया। मोहित का कहना है कि उसने अपनी आंखों से देखा कि उसके भाई रोहन को जबरदस्ती एक तरफ ले जाया जा रहा था और फिर उसे चाकू मार दिया गया।

एक सुनीता नाम की महिला ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि गुप्ता के लड़के और उसके साथियों ने मिलकर रोहन पर हमला किया। उनका कहना है कि पहले भी उसी लड़के ने रोहन को चाकू मारा था, लेकिन उस समय मामला आपसी समझौते के नाम पर खत्म कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि वह तीन भाइयों में से एक था और अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिवार का कहना है कि आरोपी पक्ष की तरफ से सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि पहले भी इस मामले को दबाने की कोशिश की गई थी और पुलिस तक बात पहुंचने के बावजूद कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। आरोपी के परिवार वालों ने मामला शांत करवा दिया था।

परिवार का कहना है कि रोहन अभी सिर्फ 15–16 साल का था और मजदूरी करके अपने घर का खर्च चलाने में मदद करता था। परिवार के मुताबिक, रोहन हाल ही में घर लौटा था और अपने परिजनों से मिलने आया था, लेकिन उसी दौरान यह घटना हो गई।

Exit mobile version