June 4, 2026
Entertainment

फीफा वर्ल्ड कप में शकीरा की धमाकेदार वापसी, अमीषा पटेल ने तारीफ में कसीदे गढ़े

Shakira makes a grand comeback at the FIFA World Cup, Ameesha Patel praises her

शकीरा ने एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप में धमाकेदार वापसी की है। शकीरा के इसी अंदाज और जलवे को देखकर अमीषा पटेल खुद को उनकी तारीफ करने से रोक नहीं पाईं। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर शकीरा का स्टेडियम में डांस करते हुए एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने उनकी एनर्जी की जमकर सराहना की। वीडियो में शकीरा स्पोर्टी आउटफिट में सहज अंदाज में डांस करती दिख रही हैं।

इस क्लिप को शेयर करते हुए अमीषा ने लिखा, “वाह शकीरा, 49 साल की उम्र में भी तुम कमाल हो। तुम्हारा डांस, ड्रेसिंग और तुम्हारा लुक- तुम 25 साल की उम्र से भी ज्यादा शानदार दिखती हो।”

बता दें कि शकीरा एक प्रसिद्ध कोलंबियाई गायिका, गीतकार और डांसर हैं, जिन्हें ‘लैटिन संगीत की रानी’ माना जाता है। वह अपनी शानदार आवाज और बेली डांस के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। उनके ‘वाका वाका’ और ‘हिप्स डोंट लाइ’ जैसे गानों ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई।

उन्होंने 1990 के दशक में लैटिन संगीत की दुनिया में कदम रखा। वह चार अलग-अलग दशकों में नंबर-वन एल्बम देने वाली दुनिया की पहली महिला कलाकार हैं। उन्होंने मात्र 14 साल की उम्र में ‘सोनी म्यूजिक कोलंबिया’ के साथ अपना रिकॉर्डिंग करियर शुरू किया। उनका पहला बड़ा सफल एल्बम ‘पाइज डेस्काल्जोस’ था।

अभिनेत्री अमीषा पटेल की बात करें तो उन्होंने भारतीय फिल्मों में 2000 में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ से शुरुआत की थी। उनकी हिट फिल्मों में ‘कहो ना… प्यार है’ (2000), ‘गदर: एक प्रेम कथा’ (2001), ‘हमराज’ (2002) और ‘भूल भुलैया’ (2007) शामिल हैं। बाद के वर्षों में उन्होंने ‘गदर 2’ (2023) में भी अपनी भूमिका दोहराई, जो बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही।

अभिनेत्री एक गुजराती परिवार से आती हैं। उनके दादा बैरिस्टर रजनी पटेल एक प्रसिद्ध वकील और कांग्रेस पार्टी के नेता थे, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के काफी करीबी माने जाते थे।

Leave feedback about this

  • Service