23 अप्रैल । पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और धरती को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पूरे विश्व में बुधवार को पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मनोरंजन जगत की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और राशा थड़ानी ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशंसकों से अपील की कि वे भी प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आएं।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने इस मौके पर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने सभी को धरती का जुड़ाव समझाया। उन्होंने बताया कि धरती मां से जुड़कर ही हमें सच में यह एहसास होता है कि हम असल में कौन हैं।
अभिनेत्री ने लिखा, “पृथ्वी दिवस पर और हर दिन एक छोटी सी याद। नंगे पैर जमीन पर चलें और खुद को धरती से जोड़ें। उसकी ऊर्जा आपको शांति और ताकत देती है।”
उन्होंने लिखा, “प्रकृति के साथ समय बिताएं। धूप को अपनी त्वचा पर महसूस करें, मिट्टी को पैरों के नीचे महसूस करें, पक्षियों की आवाज सुनें, लहरों की सरसराहट और हवा के हल्के स्पर्श को महसूस करें। क्योंकि जब आप धरती को छूते हैं, तो आप खुद को और अपने असली रूप को बेहतर समझ पाते हैं।”
अभिनेत्री राशा थड़ानी ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। इस वीडियो में वह एक आवारा कुत्ते के साथ समय बिताती और उससे हाथ मिलाने की कोशिश करती नजर आई। राशा ने अपनी पोस्ट के जरिए पृथ्वी के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि पृथ्वी को बचाने का मतलब सिर्फ नजारे देखना नहीं, बल्कि यहां मौजूद हर जीव की रक्षा करना है। राशा ने लिखा, “हैप्पी अर्थ डे। आशा है कि इस साल हम अपने जंगलों और वन्यजीवों की अहमियत को समझेंगे।
पृथ्वी दिवस सिर्फ समुद्र तटों और पहाड़ों के बारे में नहीं है, जो हमें प्रकृति ने दिए हैं, बल्कि यह धरती पर मौजूद हर जीव के बारे में है।”
उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए लिखा, “जानवरों की रक्षा करना, हमारे ग्रह की रक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारा अस्तित्व भी कहीं न कहीं उन पर निर्भर करता है, जितनी जल्दी हम यह बात समझ लें, उतना ही हमारे लिए बेहतर होगा।”

